मुहम्मदाबाद। जिले के सबसे बड़े डकोर ब्लॉक में शुक्रवार को वेतन न मिलने से नाराज रोजगार सेवकों ने बीडीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष हरेंद्र पटेल ने कथित रूप से पेट्रोल की बोतल अपने ऊपर डालने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। घटना से खलबली का माहौल बन गया।
डकोर ब्लॉक की 78 ग्राम पंचायतों में 44 रोजगार सेवक कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि उनसे सबसे अधिक काम लिया जाता है, लेकिन नौ महीने से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। वेतन दिलाने की मांग को लेकर शनिवार को प्रतिनिधिमंडल बीडीओ रमेश चंद्र शर्मा से मिला। बीडीओ ने बताया कि अभी धनराशि प्राप्त नहीं हुई है।
इस पर आक्रोशित रोजगार सेवक कार्यालय परिसर के बाहर आ गए और प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान अध्यक्ष हरेंद्र पटेल ने बोतल में पेट्रोल लेकर अपने ऊपर डालने का प्रयास किया। कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पास स्थित कोतवाली में सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में रोजगार सेवकों और बीडीओ के बीच वार्ता कराई गई, हालांकि देर शाम तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
रोजगार सेवकों का कहना है कि निर्माण कार्य मद में करीब 12 लाख रुपये उपलब्ध हैं। इससे उनका वेतन दिया जा सकता है, लेकिन भुगतान नहीं किया जा रहा। उनका आरोप है कि आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की फीस और घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
अध्यक्ष बोले- नौ महीने से नहीं मिला वेतन
फोटो - 26 हरेंद्र पटेल।
नौ महीने से वेतन नहीं मिला है। हर बार अगले महीने भुगतान का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन स्थिति जस की तस है। मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा। यदि शीघ्र वेतन जारी नहीं हुआ तो आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन तेज किया जाएगा। - हरेंद्र पटेल, रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष
त्योहार से पहले बढ़ी चिंता
फोटो - 27 उदय करन राजपूत।
होली का त्योहार नजदीक है। मुख्यमंत्री द्वारा समय से वेतन भुगतान के निर्देश दिए गए हैं, इसके बावजूद उन्हें एक रुपये का भी भुगतान नहीं हुआ। सबसे अधिक कार्य लेने के बावजूद समय से वेतन न मिलना अन्याय है। - उदय करन राजपूत, रोजगार सेवक
वर्जन
टेक्निकल फॉल्ट के चलते रोजगार सेवकों का मानदेय डालने में परेशानी हो रही है, जल्द ही डोंगल लगवा दिया जाएगा। रोजगार सेवकों को समझा दिया गया है। - रमेश चंद्र मिश्रा, खंड विकास अधिकारी, डकोर।
फोटो - 25 रोजगार सेवक को समझाते बीडीओ रमेश चंद्र। संवाद
फोटो - 25 रोजगार सेवक को समझाते बीडीओ रमेश चंद्र। संवाद