उरई। जिला उद्यान कार्यालय में एक कनिष्ठ सहायक का पद होने के बाद भी यहां दो की तैनाती दिखाकर कार्यालय से लगातार वेतन निकाला जा रहा है। संबद्धीकरण निरस्त होने के बाद भी जिम्मेदार कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है। उसका आरोप है कि जिला उद्यान अधिकारी से भी इस बारे में अवगत कराया गया। कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में एक कनिष्ठ सहायक का पद है। इसके बाद भी वर्तमान में एक पद के सापेक्ष दो कनिष्ठ सहायक कार्यालय में तैनात हैं। उनका वेतन भी वर्षों से कार्यालय जालौन से निकाला जा रहा है। शिकायतकर्ता मकरंदपुरा निवासी संतकुमार ने सीएम पोर्टल पर शिकायत करते हुए बताया कि शासन के आदेश 13 मई 2022 के अनुपालन में सभी को निर्देश किया गया था कि संबद्ध अधिकारी / कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए मूल तैनाती स्थान पर भेजा जाए।
इसके बाद भी जिले में दो कनिष्ठ सहायक तैनात हैं। इस संबंध में शिकायतकर्ता को जो जवाब मिला है, उसमें लिखा है कि इस मामले में जांच चल रही है। अब देखना है कि यह जांच कितने दिन तक चलती है और यह जांच किस अधिकारी द्वारा की जा रही है।
वर्जन
जिला उद्यान अधिकारी परवेज खान का कहना है कि इस मामले में जांच चल रही है। वह कुछ और नहीं कह सकते हैं।