उरई। कोविड टीकाकरण के दूसरे चरण के पहले दिन जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर समेत जिले के आला अधिकारियों ने जिला नेत्र चिकित्सालय में बने टीकाकरण बूथ में टीके लगवाए। बाद में जिलाधिकारी ने संदेश दिया कि टीकाकरण पूरी तरह प्रभावी और असरदार है। इसे लेकर किसी तरह का भ्रम या भय न पालें। टीका लगवाने के बाद भी कोरोना संबंधी नियमों का पालन करें।
जिले में नेत्र चिकित्सालय के अलावा कोंच, कालपी, जालौन और माधौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर में भी शुक्रवार को टीकाकरण किया गया। इसके लिए छह बूथ बनाए गए हैं। यहां 654 के सापेक्ष 376 लोगों ने टीके लगवाए। कुल 66 फीसदी टीकाकरण हुआ। जिला मुख्यालय पर नेत्र चिकित्सालय परिसर में बने टीकाकरण बूथ में एडीएम प्रमिल कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार शुक्ला, सदर एसडीएम सतेंद्र कुमार के अलावा सीएमओ डॉ ऊषा सिंह और डब्लूएचओ की एसएमओ डॉ रुपल श्रीवास्तव ने भी टीका लगवाया। सभी 30 मिनट निगरानी में रहे। इस दौरान और बाद में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। किसी में भी कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं दिखा। टीकाकरण को लेकर सभी में उत्साह रहा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ सत्य प्रकाश ने बताया कि वैक्सीन लगवाने के बाद हाथ धोने, मास्क लगाने और सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने के नियमों का भली-भांति पालन भी करना चाहिए। उन्होंने बताया कि अब तक जिन लोगों का टीकाकरण हो चुका है। उन्हें दूसरी डोज के लिए उनके मोबाइल नंबर तक मैसेज पहुंचेगा। इस दौरान एसीएमओ डॉ बीएम खैर, एसीएमओ डॉ एसडी चौधरी, नेत्र सर्जन डॉ आरपी सिंह, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ एके सक्सेना, डॉ अभिलाष पटेल, संजीव चंदेरिया आदि मौजूद रहे।
टीकाकरण के बाद सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने कहा कि उन्होंने भी आज टीका लगवाया है। उन्हें किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई। टीकाकरण के बाद 30 मिनट स्वास्थ्य टीम के निगरानी में रहे। इसके बाद अपना काम सुचारू रूप से शुरू कर दिया। टीके को लेकर किसी तरह का भ्रम पालने की जरूरत नहीं है। इससे प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। डब्लूएचओ की एसएमओ डॉ रूपल श्रीवास्तव ने बताया कि उनके साथ उनकी पूरी टीम के 14 सदस्यों ने टीकाकरण करा लिया है। सभी टीम पूरी तरह सक्रिय होकर काम कर रही है। किसी को भी किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है। वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी है। इसे लेकर किसी तरह का भय न रखें।
संवाद न्यूज एजेंसी माधौगढ़ के अनुसार, सीएचसी में डॉ रामेंद्र पचौरी की मौजूदगी में शुक्रवार एसडीएम सालिकराम, तहसीलदार प्रेमनारायण प्रजापति के साथ राजस्व कर्मचारियों को टीके लगाए गए। 83 राजस्व कर्मचारियों को वैक्सीन लगवाई गई। इस दौरान लेखपाल शिवभजन, संदीप, उदित, आशीष श्रीवास्तव, गोविंद, देवेंद्र कुमार मौजूद रहे।
संवाद न्यूज एजेंसी कोंच के अनुसार, फ्रंट लाइन कोरोना वॉरियर्स को कोरोना वैक्सीन दिए जाने का सिलसिला लगातार जारी है। पहले चरण में स्वास्थ्य कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को पहला टीका लगाने का कार्य निपट जाने के बाद 5 फरवरी से दूसरा चरण प्रारंभ हो गया है। सीएचसी में 109 अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची बनाई गई थी लेकिन इसके सापेक्ष पहले दिन केवल 84 लोगों को ही वैक्सीन दी जा सकी। इसमें एसडीएम अशोक कुमार और तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा सहित तहसील के कर्मचारी जिनमें लेखपाल और कानूनगो शामिल हैं।