कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते तीनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रेक्षक, साथ में डीएम संदीप कौर।
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में तीनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रेक्षकों ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों और अफसरों की संयुक्त बैठक ली। प्रेक्षकों ने कहा कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर पैनी नजर रखी जाए। अफसरों को चुनावी रजिस्टर दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। प्रेक्षकों ने कहा कि अधिक खर्च पर अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
माधौगढ़ विधानसभा के प्रेक्षक अजय शर्मा ने कहा कि अधिकारी चुनाव से जुड़ी अधूरी कमियां पूरी कर लें। कालपी विधानसभा के प्रेक्षक वाई किक्हेतो सेमा ने कहा कि आयोग ने प्रत्याशियों के लिए खर्च सीमा 28 लाख रुपये तय की है। इसके अधिक खर्च करने वालों पर नजर रखें। उरई विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक बलिन देव ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आयोग की ओर से जारी बिंदुओं से अवगत कराया। डीएम संदीप कौर ने कहा कि गल्ला मंडी कालपी रोड से मतदान पार्टियां रवाना होंगी। वहां स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा की जाएंगी। एसपी राकेश सिंह ने कहा कि बूथों पर पर्याप्त मात्रा में फोर्स तैनात रहेगा।
यहां एडीएम राकेश कुमार, एएसपी सुभाष चंद्र, नगर मजिस्ट्रेट अनिल कुमार, आरओ कालपी संजय सिंह, आरओ अक्षय त्रिपाठी, माधौगढ़ एसडीएम सुरेश चंद्र सोनी मौजूद रहे।