कोंच बस स्टैंड के पास जाम लगाए लोग।
- फोटो : अमर उजाला
तीन दिन की छुट्टियों के बाद शहर में खुले बैंकों में लोगों की भारी भीड़ रही। एटीएम पर ही लोगों की लंबी लाइनें लगी रहीं। कई बैंक शाखाओं में कैश न होने से खाताधारक पैसों के लिए परेशान रहे। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक, कोंच बस स्टैंड पर कैश न होने पर लोग भड़क गए और जाम लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर किसी
तरह शांत कराया। तीन दिन छुट्टी रहने के बाद मंगलवार को खुले बैंकोें में भीड़ रही। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए पैसा पाने को परेशान लोगों की भीड़ बैंक व एटीएम पर उमड़ पड़ी। दिन भर बैंकों के बाहर लंबी लाइनें लगी रहीं। नोटबंदी के बाद से बैंकों से पैसा निकालने को वैसे तो प्रतिदिन ही लाइनें लगती हैं, मगर छुट्टी पड़ने के बाद दूसरे दिन ये भीड़
और बढ़ जाती है। इस बार तीन दिन की लगातार छुट्टी पड़ने से लोगों को बैंकोें व एटीएमों से पैसा नहीं मिल सका था। इसी के चलते मंगलवार को जब बैंक खुले तो भीड़ लेनदेन करने को बैंकों के बाहर लग गई। शहर के कई शाखाओं के एटीएम काफी दिनोें से बंद पडे़ हैं। इससे बैंकों में लोगों की भीड़ जुट रही है। शहर की कई बैंक शाखाओं में कैश न होने से
खातेधारकों को पैसा नहीं मिल पाया। कोंच बस स्टैंड स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में कैश न होने से परेशान खातेधारकों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान स्टेट बैंक मुख्य शाखा, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, इलाहाबाद बैंक विकास भवन में लोगों की भीड़ लगी
रही और लोगोें ने बैंक से पैसा पाने के लिए धक्का मुक्की भी हुई। मुहम्मदाबाद। मुहम्मदाबाद स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखा में एक दर्जन गांवों के लोगों का खाता है। तीन
दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को लोगों को पैसा मिल जाने की आशा थी। जब लोग शाखा में पहुंचे तो वहां पता चला कि कैश नहीं है। फिर भी लोग घंटों इंतजार करते रहे कि कैश शायद आ जाए। जब दोपहर तक कैश नहीं आया तो आक्रोशित ग्रामीणों ने नारेबाजी की।