उरई। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव व जिले के नोडल अफसर डा. हरीओम ने बुंदेलखंड पैकेज से 50 करोड़ से अधिक के बजट से बन रहे विशेष गल्ला मंडी के प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी का नक्शा चेक किया। उन्होंने निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। पिछले हिस्से में बन रहे गोदामों में लगाई जा रही ईंट की गुणवत्ता पर सवाल उठाया। इस पर अधिकारी सफाई देते नजर आए।
इसके बाद उन्होंने दुकानों एवं अन्य स्थलों को देखा और कार्यदाई संस्था के अधिकारी सुरेश चंद्र से कार्य पूरे होने की अवधि के बाबत जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि गोदाम का काम लेट हो रहा है लेकिन अन्य कार्य 27 जनवरी के पहले पूर्ण कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा है तो लोकार्पण मुख्यमंत्री से कराया जा सकता है। इस दौरान डीएम रामगणेश, एडीएम आनंद कुमार, डीडीओ आरएस गौतम, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता मेघ प्रकाश के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।