फोटो 28 खतौनी के बारे में किसान से जानकारी लेते डीएम राजेश पांडेय। संवाद
बिजली, पानी, साफ-सफाई व सड़क की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
जालौन। त्योहारों पर आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, सफाई और सड़कों के गड्ढों जैसी समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाए।
तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएम ने की। जबकि पुलिस अधीक्षक डां. दुर्गेश कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान 45 शिकायतें पंजीकृत की गईं, जिनमें नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। डीएम ने कहा कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, साथ ही शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी दर्ज की जाए। डीएम ने अधिकारियों को त्योहारों और पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए साफ-सफाई, बिजली और जल आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन पर मिशन शक्ति पांच का शुभारंभ कल से होगा, जिसकी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा इसके संबंध में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें जिले के सभी 12 विभागों के अधिकारी और कर्मचारी सम्मिलित होकर कार्य करेंगे। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, सीएमओ एनडी शर्मा, एसडीएम विनय मौर्य, सीओ शैलेंद्र कुमार बाजपेई, तहसीलदार अमित शेखर और कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
लेखपाल की लापरवाही पर डीएम ने लगाई फटकार
सालाबाद से आए रणधीर कुमार ने डीएम को बताया कि बारिश में उनका कच्चा मकान गिर गया और उसमें रखा सामान नष्ट हो गया। उन्होंने एसडीएम के यहां प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन लेखपाल ने गलत तथ्य लगाकर रिपोर्ट तैयार की और मकान को आंशिक क्षतिग्रस्त दिखाया। इस पर डीएम ने लेखपाल रोहित को बुलाकर फटकार लगाई और सही जांच कराकर निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील में निरीक्षण और नागरिकों को सूचना
समाधान दिवस के बाद डीएम ने तहसील परिसर का निरीक्षण किया। खतौनी काउंटर पर पहुंचकर जानकारी ली कि खतौनी के लिए शुल्क कितना लिया जा रहा है। नागरिकों ने बताया कि पहले 20 रुपये लिए जाते थे, अब 15 रुपये ही लिए जा रहे हैं। इसके बाद डीएम ने आय, जाति और निवासी प्रमाण पत्र बनवाने वाले कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि कार्यालय के बाहर किसी भी प्रकार का संकेतक नहीं लगा था। डीएम ने तुरंत संकेतक लगवाने का निर्देश दिया।
26 शिकायतों में से एक का मौके पर निस्तारण
कालपी। एसडीएम मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान महज 26 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिवक्ता रामकुमार तिवारी ने जोल्हूपुर में जलनिकासी व्यवस्था के लिए नाला निर्माण की मांग की। वहीं, मटरा निवासी कारेलाल ने हदबंदी होने के बावजूद कब्जा न छोड़ने की शिकायत दर्ज कराई। राघवेंद्र गुप्ता, मटरा ने गांव में अवैध रूप से खुलेआम शराब बिक्री की शिकायत दर्ज की, जबकि हरीगंज निवासी चंद्र प्रकाश विश्नोई ने सपा नेता दानिश दीवान पर हाईवे किनारे की कीमती जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया। इस अवसर पर तहसीलदार अभिनव तिवारी, ईओ अवनीश कुमार शुक्ला मौजूद रहे।