फोटो- 25 दुकान से सैंपर भरते अधिकारी।संवाद
- खाद्य विभाग ने रायता और सब्जी का सैंपल भरा, मची खलबली
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। कालपी रोड स्थित एक स्वीट्स हाउस में रायते में कीड़ा होने का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आते ही प्रशासन हरकत में आ गया और शनिवार की शाम खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर छापा मारकर जांच की। इस दौरान कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे गए और पाई गई कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए।
खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त जतिन सिंह अपनी टीम के साथ गोविंद स्वीट्स हाउस पहुंचे। यहां रसोई समेत कई जगहों का निरीक्षण किया गया। टीम ने रायते और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। निरीक्षण के दौरान रसोई में कई सामान खुले में पाए गए, जिन्हें ढकने के निर्देश दिए गए। रायते में कीड़ा मिलने की जानकारी पर दुकानदार ने अपनी सफाई पेश की, लेकिन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सैंपल भरकर जांच को भेज दिया। बताते चलें कि शुक्रवार को वायरल हुए वीडियो में रायते में कीड़ा होने का दावा किया गया था। सोशल मीडिया पर इसे लेकर दो गुट सक्रिय हो गए। एक पक्ष का कहना था कि वीडियो भ्रामक है, जबकि दूसरे पक्ष ने कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्वीट्स हाउस के संचालक गोविंद ने सफाई देते हुए कहा कि वीडियो पूरी तरह गलत है। रायते में कीड़े जैसा जो दिखाई दिया, वह असल में जीरा था। शिकायतकर्ता ने वही खाना खाया भी था, अगर उसमें कीड़ा होता तो वह खाना नहीं खाता। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद है। खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त जतिन सिंह ने बताया कि दुकान से रायता और सब्जी के सैंपल भरे गए हैं। साथ ही शनिवार को दिनभर अभियान चलाकर कई अन्य दुकानों से भी सैंपल लिए गए। इनमें कुठौंद में शुक्ला किराना से किशमिश, दीपक गुप्ता की दुकान से किशमिश और कदौरा में अजय गुप्ता की दुकान से बेसन व मखाना शामिल हैं। सभी सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट में सैंपल फेल होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।