जालौन। मोहर्रम के पर्व पर नई पद्धतियां न अपनाने और मंदिरों के सामने डीजे धीमी आवाज में बजाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजा सिंह सेंगर ने एसडीएम विनय मौर्य को ज्ञापन सौंपकर बताया कि मोहर्रम के पर्व पर मंदिरों के सामने ताजिया निकलने के दौरान डीजे धीमी आवाज में बजाए जाएं। आरती के समय डीजे बंद किए जाने चाहिए। ताजिया रूट पर ही बिजली की कटौती की जाए अन्य स्थानों पर कटौती न की जाए। अखाड़ा के दौरान शस्त्रों का प्रदर्शन न किया जाए।
ताजिया निर्धारित ऊंचाई के ही बनाने के लिए निर्देशित किया जाए। छड़ों की संख्या व मार्ग निर्धारित किया जाए। हिंदू घरों के सामने हरी पताका न लगाई जाए और उत्तेजित करने वाली नारेबाजी न की जाए। जुलूस में उर्दू भाषा में लिखे हुए झंडे न फहराए जाएं। उन्होंने मांग की है कि ताजिए के जुलूस के दौरान प्रशासन द्वारा इन पर निगाह रखी जाए। यदि कोई कानून का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।