कुठौंद (जालौन)। युवक के ऊपर पड़ोसियों ने कुल्हाड़ी व डंडे से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग भी की। परिजन घायल को सीएचसी ले गए, वहां से उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के सुरावली गांव निवासी संदीप कुमार (40) व उसके भाई दीपक के घर जुड़े हैं। चार दिन पहले संदीप के घर में चोरी हो गई थी। वह 14 मार्च को घर आ गया था। शनिवार को उसे जानकारी मिली कि उसके घर में चोरी पड़ोसी रामजी व पवन के घर की छत से चढ़कर की गई है। इस पर वह पड़ोसियों के घर पहुंचकर पूछताछ करने लगा। जिससे उसकी पड़ोसियों से बहस होने लगी।
गुस्से में रामजी व पवन ने उसे कुल्हाड़ी से काट डालने की धमकी दी। जब उसने विरोध किया तो आरोपी पवन, उसकी पत्नी माधुरी, रामजी व उसकी पत्नी नीरजा, अभय व सूर्य प्रताप उर्फ बंटी ने कुल्हाड़ी, लाठी-डंडों से उसके ऊपर हमला कर दिया। इससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए तमंचे से फायरिंग कर दी। इससे गांव में खलबली मच गई।
परिजनों ने उसे घायल पड़ा देखकर सीएचसी पहुंचाया। जहां गंभीर हालत होने पर उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के भाई दीपक की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीओ शैलेंद्र कुमार बाजपेयी ने बताया कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।