पुलिस गिरफ्त में हत्यारोपी छोटे कसाई
- फोटो : ORAI
उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के सदनपुरी में तीन दिन पूर्व रुपयों के लेनदेन के विवाद में अधेड़ की चाकू से गोदकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू व खून लगा पैंट भी बरामद हुआ है। एएसपी डॉ अवधेश सिंह ने कोतवाली में मामले का खुलासा कर पुलिस टीम को पांच हजार रुपये देने की घोषणा की।
एएसपी अवधेश कुमार ने बताया कि मोहल्ला सदनपुरी में 28 अक्तूबर को रुपयों के लेनदेन में भागीरथ बेलदार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। भागीरथ की पत्नी संतोषी की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी छोटे कसाई पुत्र अब्बू निवासी के खिलाफ नामजद हत्या व एससी/एसटी एक्ट का मामला दर्ज किया था। एसपी सतीश कुमार ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए एएसपी, सीओ संतोष कुमार व कोतवाल शिवगोपाल को लगाया था। पुलिस ने गुरुवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के जालौन चुंगी के पास से हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू व खून से सना पैंट भी बरामद कर लिया।
पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि उसने शराब के नशे में चाकू से भगीरथ की हत्या की है। उसका काफी दिनों से भगीरथ से लेनदेन का विवाद चल रहा था। लेनदेन जुए का था या फिर किसी और चीज का, इस पर छोटे भी चुप्पी साधे रहा। एएसपी ने बताया कि हत्यारोपी छोटे कसाई पर शहर कोतवाली में पहले से ही जानलेवा हमले का प्रयास व गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज है। गिरफ्तार करनेवाली टीम में उपनिरीक्षक योगेश पाठक, योगेंद्र पटेल, लाल बहादुर सिंह, सिपाही कृष्णवीर, राघवेंद्र सिंह आदि रहे। गिरफ्तार करने वाली टीम को पांच हजार रुपये देने की घोषणा की।
सरेंडर पर भी इनाम पा गई पुलिस टीम
पुलिस सूत्रों की मानें तो सनसनीखेज हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने छोटे कसाई को पकड़ने के लिए पूरा जोर लगा रखा था। कचहरी परिसर के बाहर भी पुलिस सादी वर्दी में लगी थी कि कहीं वह कोर्ट में सरेंडर न कर दे। सूत्र बताते हैं कि छोटे ने बुधवार रात ही पुलिस अधिकारियों के समक्ष सरेंडर कर दिया था।
कोतवाली में हत्या की जानकारी देते अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार व सीओ- फोटो : ORAI