इनामी बदमाश के बारे में जानकारी देती सीओ शाहिदा नसरीन।
- फोटो : ORAI
माधौगढ़। चार साल पहले हत्या के मामले में वांछित चल रहे पच्चीस हजार रुपये के इनामी बदमाश को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की सुबह राजकीय पॉलिटेक्निक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
इनामी हत्यारोपी का खुलासा करते हुए सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि दो मार्च 2017 को जनपद बांदा के थाना मटौध के गांव गोहरा मुगली निवासी लाल खान ने कोतवाली में दंपती द्वारा मिलकर पुत्र की हत्या किए जाने की रिपोर्ट लिखाई थी। उनका आरोप था कि 17 फरवरी 2017 को पुत्र इमरान जालौन के माधौगढ़ में दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकला था। देर रात इमरान का फोन बंद हो गया। जिससे घर वालों को चिंता हुई। 19 फरवरी को उरई निवासी रिश्तेदारों ने फोन पर बताया था कि माधौगढ़ के पास एक युवक का शव मिला है, जो पोस्टमार्टम हाउस में है। वह परिजनों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा जहां शव की शिनाख्त इमरान के रूप में हुई। लाल खां की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चितौरी निवासी राजू सिंह परिहार व पत्नी साधना के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। रिपोर्ट दर्ज हो जाने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस दंपती को पकड़ने के लिए रिश्तेदारों के यहां दबिश देती रही। पुलिस ने फरार दंपती पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था। बीस दिन पहले पुलिस नेे हत्यारोपी साधना व उसके साथी नीरज शर्मा को बंगरा तिराहे पर अवैध तमंचा, बाइक, जेवरात के साथ गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार की सुबह राजकीय पॉलिटेक्निक के पास से पुलिस ने पच्चीस हजार रुपये के इनामी राजू परिहार को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि राजू पर राजस्थान के जयपुर देहात के थाना दुधू में भी हत्या का मामला दर्ज है।