खुलासा करते एएसपी सुभाष शाक्य व गिरफ्तार आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
उरई कोतवाली में लापता किशोर की हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है। एएसपी सुभाष शाक्य केे मुताबिक किशोर की हत्या उसके ही साथी ने मात्र दो सौ रुपये के लेनदेन के विवाद मेें की है। आरोपी साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एएसपी ने बताया कि बघौरा क्षेत्र से दो दिन पूर्व जीतू (15 ) पुत्र वीरेंद्र घर से लापता हो गया था। इस पर रविवार को परिजनों ने कोतवाली आकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराकर क्षेत्र के ही युवक सिकंदर पर आरोप लगाया था। बताया कि वही उसे घर से ले गया था। इसके बाद मंगलवार की रात ही जीतू का शव चुर्खी रोड स्थित एक नाले में मिला था। उसका चेहरा ईंट से कुचला हुआ था। इस पर पुलिस ने फौरन ही दबिश देकर सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद सिकंदर ने बताया कि उसने कुछ दिन पूर्व जुआ खेलने के लिए जीतू से दो सौ रुपये उधार लिए थे। जीतू आए दिन साथियों के सामने उन्हीं रुपयों का तगादा करता था। जीतू की यही बात उसे नागवार गुजरी। इस पर उसने रविवार की रात ही सुनसान में ले जाकर पहले जीतू का गमछे से गला दबाया, फिर ईंट से उसका चेहरा कुचल दिया। जब उसे पता लगा कि परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है तो वह चुर्खी रोड पर जीतू का शव फेंककर भाग निकला।
पुलिस सूत्रों की मानें तो वारदात में अकेला सिकंदर ही नहीं, उसका साथी भी जरूर रहा होगा, क्योंकि हत्या से लेकर शव फेंकने तक का काम अकेला सिकंदर नहीं कर सकता है। फिलहाल सिकंदर से पूछताछ की जा रही है। उधर, बेटे की मौत से उसके पिता वीरेंद्र और अन्य घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।