उरई/कोंच। पालिका प्रशासन ने शनिवार को सरकारी दफ्तरों के अलावा बस्ती के कई इलाकों में सैनिटाइजेशन अभियान चलाया। वीकेंड लॉकडाउन में साफ-सफाई और सैटिाइजेशन की गाइडलाइंस के अनुपालन में यह अभियान चलाया जा रहा है।
शुक्रवार शाम से शुरू होकर मंगलवार सुबह तक के 83 घंटे के वीकेंड कर्फ्यू में शहर के वार्ड नंबर 20, 30, 31 के साथ मुख्य बाजार, बजरिया आदि इलाकों में सैनिटाइजेशन कराया गया। पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा, ईओ संजय कुमार, सफाई निरीक्षक अशोक कुमार ने सैनिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण किया।
कोंच संवाद के अनुसार सैनिटाइजेशन की स्पीड तेज करने के निर्देशों पर शनिवार को आजाद नगर, भगतसिंह नगर, गोखलेनगर, मालवीय नगर आदि कई मोहल्लों में पालिका टीम ने रास्तों और इमारतों को सैनिटाइज किया। पालिका के प्रभारी ईओ व एसडीएम अशोक कुमार के निर्देशन और आरआई सुनील कुमार यादव की देखरेख में पालिका कर्मियों की टीम ने सैनिटाइजेशन अभियान चलाया। आरआई सुनील ने बताया कि अभियान रोज सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चलाया जा रहा है।
माधौगढ़ संवाद के अनुसार साप्ताहिक कर्फ्यू को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष, ईओ की देखरेख में कसबा को सैनिटाइज किया गया। साथ ही नालियों में दवा डाली गई। कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता, ईओ अमित नायक, लिपिक पुरुषोत्तम तिवारी ने कसबा को सैनिटाइज कराया। दुकान, ढाला, पान की गुमटियों को सैनिटाइज किया गया। ईओ का कहना है कि कसबा में सभी जगह सैनिटाइज, नालियों में दवा डाली जा रही है।