माधौगढ़। डीजे के गाने को लेकर जनातियों और बरातियों में कहा सुनी हो गई। शराब में धुत बरातियों ने जनातियों के रिश्तेदार की पिटाई कर दी। इसी को लेकर दोनों पक्ष में लाठी डंडा चलने लगे। जिसमें आधा दर्जन लोग चुटहिल हो गए। हंगामे के बीच दूल्हा डरकर भाग गया। सूचना पर कोतवाल बीएल यादव पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। इसके बाद न सिर्फ मामला शांत हुआ बल्कि दूल्हे को वापस बुलाकर शादी की बाकी रस्में भी पूरी की गई।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक से 30 अप्रैल को हो रही थी। दोनों ही गांव आसपास भी है। डीजे के धुन पर बराती नाचते हुए दरवाजे पर आए तो शराब में धुत बारातियों ने दुल्हन के एक करीबी रिश्तेदार के साथ कुछ अभद्रता कर दी। इस पर दोनों पक्षों में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई।
जिससे जनातियों और बरातियों में भगदड़ मच गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे भी चले। जिसमें आधा दर्जन लोग चुटहिल हो गए। मारपीट के दौरान दूल्हा और कुछ बराती वहां से अपनी जान बचाकर भाग निकले।
सूचना पर कोतवाल बीएल यादव पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। कोतवाल ने दूल्हे के पिता एवं लड़की के पिता व परिजनों को बैठाकर बातचीत की और मामूली रूप से घायलों को इलाज के लिए भेजा। इतना ही नहीं कोतवाल ने गाड़ी भेजकर दूल्हे को भी घर से बुलाया। इसके बाद शादी की रस्में पूरी कराई गई। कोतवाल बीएल यादव का कहना है कि दोनों पक्ष के लोगों से कह दिया गया है कि किसी भी तरह का विवाद होता है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कोई लिखा पढ़ी नहीं की गई है।