उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बड़ागांव के पास सोमवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक लिफ्टर चालक की मौत हो गई। वह मजदूरी लेकर बाइक से घर लौट रहा था। वह हेलमेट लगाए था।
झांसी जिले के कस्बा एवं थाना एरच निवासी राजू निषाद (23) डकोर थाना क्षेत्र के बंधौली मौरंग घाट में लिफ्टर चालक के रूप में काम करता था। परिजनों के अनुसार सोमवार को वह मजदूरी का भुगतान लेकर बाइक से अपने घर एरच लौट रहा था। रास्ते में बड़ागांव के पास किसी वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता कल्याण निषाद ने बताया कि राजू अविवाहित था और मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।