कदौरा। ब्लाक क्षेत्र के ग्राम भेड़ी खुर्द के लोगों को पानी की समस्या निजात मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्यमंत्री पेयजल योजना के तहत गांव में 20 लाख रुपये की लागत से टंकी का निर्माण शुरू हो गया है।
ग्राम भेड़ी खुर्द की आबादी 12 हजार है। इनकी प्यास बुझाने के लिए ग्राम पंचायत में सात हैंडपंप हैं, जिसमें से तीन खराब हैं। कई बार यहां के बाशिंदे पेयजल समस्या और टंकी निर्माण की मांग को लेकर ब्लाक के अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक अवगत करा चुके है।
ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र सिंह जादौन की टंकी निर्माण के लिए पहल की। विधायक की पहल पर शासन ने एक टंकी के निर्माण की स्वीकृत दी। सोमवार को टंकी के निर्माण स्थल का भूमि पूजन विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने किया।
गांव की पेयजल किल्लत को देखते हुए शासन ने 20 लाख क्यूसिक वाली पानी की टंकी का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। बीडीओ अतिरंजन सिंह ने कहा कि टंकी का निर्माण जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा।
उन्होंने गांव में खराब हैंडपंपों को जल्द सही करवाने के निर्देश दिए है। इस मौके पर ग्राम प्रधान नवनीत मिश्रा, राघवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।