जालौन। मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलीपलटने से उसमें दबकर चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक के शव को जेसीबी से निकलवाकर परिजनों को सूचना दी। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल सहावनाका निवासी राहुल कुमार दोहरे (19) पुत्र विनोद कुमार शुक्रवार की शाम हरीपुरा गांव के पास खेत में मिट्टी का खनन कर उसे ट्रॉली सें लादकर जालौन की ओर जा रहा था। चकरोड से मुख्य सड़क पर गड्ढ़ों के कारण अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते पलट भी गया। जिससे राहुल ट्रैक्टर ट्राली और फिर मिट्टी के नीेचे दब गया। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। किसी तरह जेसीबी की मदद से राहुल को बाहर निकाला तो गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।