जालौन जिले में किसान व व्यापारी के घर में बदमाशों ने चौकीदार की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी और उसके शव को डीजल डालकर फूंक दिया। घर से धुआं उठाता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी, इसपर बदमाश लूटे गए ट्रैक्टर और बोरिंग मशीन छोड़कर भाग गए।
सीओ सिटी संतोष कुमार ने दावा किया है कि बदमाशों का कुछ सुराग मिला है। चौकीदार के बेटे ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वारदात शहर कोतवाली क्षेत्र के कोंच रोड स्थित मोहल्ला नया पटेलनगर में हुई।
किसान व व्यापारी कृष्णमुरारी के मकान के बाहरी हिस्से में उनके कृषि यंत्र व ट्रैक्टर आदि खड़े रहते हैं। इनकी रखवाली के लिए उन्होंने चार वर्ष पहले धरम कुशवाहा (50) पुत्र गजोले निवासी मिहोना जिला भिंड मध्यप्रदेश को चौकीदार रखा हुआ था।
शनिवार की रात लगभग सवा नौ बजे बदमाशों ने चौकीदार धरम की हत्या करके उसके शव को डीजल डालकर फूंक दिया। बदमाश वहां खड़े ट्रैक्टर व बोरिंग मशीन ले गए। मकान से धुआं उठता देख पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस पहुंची। ट्रैक्टर लेकर औरैया की ओर भाग रहे बदमाशों का सामना कुठौंद की पिकेट पुलिस से हो गया, जहां बदमाश ट्रैक्टर और मशीन छोड़कर भाग गए। फोरेंसिक टीम ने भी छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।