जन जागरण अभियान में लोगों से संपर्क करती प्रभारी मंत्री ने नीलमा कटियार
- फोटो : ORAI
उरई। भाजपा के घर-घर जन सम्पर्क अभियान के तहत रविवार को प्रभारी मंत्री नीलिमा कटियार ने शहर के आर कन्या इंटर कालेज से लेकर पीलीकोठी तक पैदल मार्च कर लोगों को सीएए व एनआरसी के विषय में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने जानकारी के लिए लोगों को पंफ्लेट भी बांटे। गोष्ठी के दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखे प्रहार किए।
अभियान के बाद पीली कोठी स्थित गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस सहित सभी विरोधी दलों पर हमला बोला। कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। वह देश में एनआरसी व सीएए को लेकर भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों की वजह से देश का बटवारा हुआ था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की गंगा बह रही है, इससे विपक्षी घबरा गए और देश में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने के लिए बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएए से किसी की नागरिकता नहीं जाएगी। यह कानून सिर्फ नागरिकता देने का है, छीनने का नहीं। इसलिए सभी को जागरूक होकर भ्रम फैलाने वालों से बचना है। इस अवसर पर विधायक गौरी शंकर वर्मा, नरेन्द्र सिंह जादौन, जिलाध्यक्ष रामेन्द्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, नगेन्द्र गुप्ता, ब्रजभूषण सिंह, दिलीप दुबे, पूजा सेंगर, शैलेन्द्र पांडे, राम अनुग्रह सिंह, इंद्रराज गुर्जर आदि मौजूद रहे।