कालपी। हाईवे अथारिटी की कार्यप्रणाली के विरोध व हाईवे में निर्माणाधीन अंडरपास से नाराज नागरिकों ने रविवार को फुलपावर चौराहे पर धरना देकर स्वीकृति कार्ययोजना के तहत निर्माण कराने की मांग उठाई। कहा कि चार अंडरपास बनने थे पर जैसे काम हो रहा है तो दो ही अंडरपास नजर आ रहे हैं। चेतावनी दी कि अगर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन चलाया जाएगा।
नवयुग समाज कल्याण सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित धरने में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह सरसेला ने कहा कि कालपी में दुर्गा मंदिर चौराहे से आलमपुर तक बनने वाले ओवरब्रिज की रूपरेखा जिस प्रकार कुछ माह पहले एनएचएआई ने बताई थी। उसके अनुरूप अंडरपास नहीं बन रहे है। उन्होंने कहा कि प्रथम अंडर पास दुर्गा मंदिर चौराहा, द्वितीय एमएसवी इंटर कालेज, तृतीय खानकाह से पहले नई बस्ती मोड़ तथा चतुर्थ अंडरपास खानकाह शरीफ के सामने बनाने का प्रस्ताव पास हुआ था, लेकिन जिस प्रकार कार्य हो रहा है उससे केवल दो ही अंडरपास दिख रहे हैं।
यदि दुर्गा मंदिर चौराहे पर कोई अंडरपास न दिया गया तो चौराहे में अत्यधिक चहल पहल होने के कारण दुर्घटनाओं की संभावना अधिक हो जाएगी। मो. अहमद ने कहा कि नगर में बनने वाला ओवरब्रिज भविष्य को देखते हुए नहीं बनाया जा रहा है, जिससे फुलपावर चौराहे पर केवल जुल्हैटी मार्ग को खोला जा रहा है, लेकिन मौजूदा समय में देखने वाला नक्शा उसी चौराहे पर मैहर रोड को पूरी तरह से बंद कर रहा है, जो कि अति व्यस्त एवं महत्वपूर्ण है। इसी प्रकार नई बस्ती चौराहे का जो अंडरपास के माध्यम से खोला जा रहा है। खानकाह के सामने वाले अंडरपास को खत्म किया जा रहा है।
जिससे सालाना होने वाले उसमें लाखों की तादाद में श्रद्धालु उसमें शामिल होने आते हैं। यदि अंडरपास नहीं दिया गया तो शासन प्रशासन एवं जनता को बहुत अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। यूनुस खान ने कहा कि कालपी नगर में निर्माणाधीन ओवरब्रज की सही से जांच कराई जाए तथा उसमें जो खामियां हैं, उसे दूर कराई जाए। धरने में सभासद अरविंद यादव, अजीत सिंह यादव, शोएब खान, रामप्रकाश पुरवार, इरफ ान अंसारी, मारुफ वारसी, सैफ रजा मंसूरी, शिवम यादव, वीरेंद्र सिंह चौहान, विश्वजीत गुप्ताए इकबाल रजा आदि नगरवासी मौजूद रहे।