कुठौंद। कस्बा कुठौंद में देर रात सब्जी मंडी में अचानक आग लग गई। इसकी चपेट में आकर लकड़ी व ट्टटर की कई दुकानें भी जल गई। इलाकाई लोगों ने दमकल को सूचना दी, काफी देर तक गाड़ियों के न आने से लोगों में आक्रोश रहा। दुकानदारों ने स्वयं ही आसपास के घरों से पानी का इंतजाम कर जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। आग से लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सोमवार की देर रात मंडी की एक ट्टटर की दुकान में रखी प्लास्टिक की टोकरी में अचानक आग लगी और फिर देखते ही देखते आग फैलने लगी। आसपास के दुकानदारों व रहने वालों में अफरातफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक लपटों ने आसपास की कई कच्ची दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पाकर कुठौंद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
दमकल के काफी समय तक न आने से लोगों में काफी नाराजगी रही। पुलिस और इलाकाई लोगों ने ही मशक्कत कर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दुर्गेश, गोपाल, रोहित, मनीष, पिंटू, शिवकुमार, अशोक पाल, एहसान आदि दुकानदारों की फल व सब्जी की दुकानें जलकर राख हो गई। दुकानदारों ने जानबूझ आग लगाए जाने का भी आरोप लगाया है। आग से लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। इंस्पेक्टर अरुण तिवारी का कहना है कि तहरीर लेकर मामले की जांच की जाएगी।
उधर, संवाद न्यूज एजेंसी माधौगढ़ के अनुसार, रेढ़र में इंटर कालेज के पास रखी गुमटी में देर रात अचानक आग लग गई। लपटें देख पडोसियों ने पुलिस को सूचना दी। तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू करने का प्रयास शुरू कर दिया। फिर भी दुकान में रखा सामान जलकर जल गया।दुकानदार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ शैलेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर आ गई जांच की जा रही है। बता दें कि इंटर कालेज के पास रामप्रकाश की बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। सोमवार की देर आग से वहां रखे टायर, ट्यूब धूं-धूं कर जलने लगे। आग से लगभग ड़ेढ लाख रुपये का नुकसान बताया जाता है। आग से बगल में स्थित अंडे की दुकान को भी नुकसान हुआ है।