मुहम्मदाबाद में बीमारी की चपेट में एक परिवार के बच्चे अभिषेक, अंकित, अनुज।
- फोटो : अमर उजाला
मुहम्मदाबाद (जालौन) । मौसम में बदलाव व गंदगी के कारण गांव मुहम्मदाबाद में खसरा ने पैर पसार लिए हैं। इससे सात लोग ग्रसित हैं। लोग डॉक्टर को दिखाने की बजाय नीम-हकीम से झाड़-फूंक करा रहे हैं। हालांकि अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची है।
मुहम्मदाबाद निवासी प्रेम नरायन वर्मा के चार बच्चे अभिषेक (20), नीलम (18), अंकित (15) और अनुज (12) 15 दिन से खसरे से ग्रसित हैं। प्रेम नरायन वर्मा ने बताया कि एक-एक कर बच्चों को तेज बुखार के बाद इन्हें सिर से लेकर पैरों तक पूरे शरीर में दाने निकल आए।
पुत्री नीलम इसी हालत में बीए की परीक्षा दे रही है। इसी तरह पड़ोस में रहने वाले बाल किशुन की 14 वर्षीय पुत्री तान्या, नातिन मानवी (1) और मोहल्ले के ही अजय (19) खसरे की चपेट में है। परिजन गांव के ही माली नन्दलाल से झाड़-फूंक कराकर बीमारी का इलाज करा रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में एक भी सफाई कर्मी नहीं है। पूरे गांव में गंदगी का अंबार है। इससे संक्रामक बीमारियां पैर पसारने लगी हैं। सीएचसी डकोर के प्रभारी चिक्तिसाधिकारी डॉ. इदरीश मुहम्मद ने बताया कि जल्द ही गांव में टीम भेजकर दवा दी जाएगी।