एसडीएम को ज्ञापन देते निषाद समाज के लोग।
- फोटो : ORAI
कुठौंद(जालौन)। भटकता निषाद समाज एकता उत्थान समिति ने मत्स्य विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ हाईवे पर धरना दिया। एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के पास जालौन-औरैया हाईवे पर भटकता निषाद समाज एकता उत्थान समिति के प्रदेश अध्यक्ष आरके सिंह राना, जिलाध्यक्ष आनंद निषाद, प्रताप, रामकिशोर, तुलाराम निषाद, सियाराम, संतोष आदि ने मत्स्य विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना दिया। सूचना पर एसडीएम गुलाब सिंह, कुठौंद थानाध्यक्ष अरुण तिवारी, चौकी इंचार्ज अर्जुन सिंह, एसआई दिनेश बालियान समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों के समस्या के समाधान के आश्वासन पर आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त किया।
आंदोलनकारियों ने मत्स्य विभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को तत्काल निलंबित कर उनकी जांच कराने की मांग की। कहा कि स्थानीय समितियों के निर्वाचन होने तक नीलामी प्रक्रिया रोक दी जाए। एसडीएम को दिए ज्ञापन में चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई न होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी न्याय न मिला तो लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।