कोंच। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता से मारपीट और उसे कार से धक्का देकर सड़क पर फेंकने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को एसडीएम से न्याय की गुहार लगाई है।
कस्बे के आजादनगर निवासी रुकसार ने बताया कि उसकी शादी 24 नवंबर 2019 को झांसी के लोहागढ़ निवासी नसीम से हुई थी। पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। हालांकि ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। शादी के कुछ समय बाद से ही पति नसीम, ससुर नसीर, सास जुलेखा और ननद मोटो उस पर दबाव बनाने लगीं। ससुराली मायके से एक लाख रुपये नकद और बाइक लाने की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार उसके साथ मारपीट की गई और दो-दो दिन तक भूखा-प्यासा कमरे में बंद रखा गया। पीड़िता के तीन बच्चे होने के बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला।
रुकसार के अनुसार 28 फरवरी को तबीयत खराब होने पर दवा दिलाने की बात कही। इस पर ससुरालियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और जबरन कार में बैठाकर कोंच लाया गया। कैलिया सड़क स्थित दोहर चौराहे पर उसे कार से धक्का देकर सड़क पर फेंक दिया गया। ससुरालियों ने धमकी दी कि यदि वह मायके से रुपये और बाइक लेकर नहीं आई तो उसे घर में घुसने नहीं दिया जाएगा।
घायल रुकसार का परिजन ने कोंच के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। पीड़िता का आरोप है कि छह मार्च को कोतवाली पहुंचकर शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को उसने संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।