एसबीआई की कालपी ब्रांच की जांच पड़ताल के बाद आरबीआई अधिकारियों की नजर जिले की दूसरी बैंकों पर भी है। संभावना है कि जल्द अफसर इन बैंकों में भी हो रहे लेनदेन की जांच कर सकते हैं। जिससे बैंक अफसरों में हड़कंप है।
बता दें कि शुक्रवार को आरबीआई अफसरों ने कालपी की एसबीआई ब्रांच का निरीक्षण किया था। इस दौरान बैंक के रिकार्ड खंगाले गए और खातोें की जानकारी ली गई। आरबीआई अधिकारियों ने लेनदेन की भी जांच की और बैंक अधिकारियों से पूछताछ की। हालांकि उन्होंने इस पूरी बातचीत और कार्रवाई को गोपनीय बताया और मीडिया को कुछ भी जानकारी देने से मना कर दिया था।
उधर, आरबीआई अधिकारियों की इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य बैंकाें में हड़कंप है। कई बैंकों ने अपने यहां सुबह से ही खातों और बाकी कागजी कार्रवाई दुरुस्त करनी शुरू कर दी है। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों में इस बात की भी चर्चा रही कि अब किस बैंक में आरबीआई टीम निरीक्षण करेगी। गौरतलब है कि पिछले दिनों आटा थाने के सामने एक बैंक में चोरों ने करीब एक लाख के सिक्के चोरी कर लिए थे। वे स्ट्रांग रूप को तोड़ नहीं पाए थे।
इस दौरान यह बात सामने आई कि बैंक के सीसीटीवी कैमरे आदि कई दिन से खराब थे। वहीं, पुलिस ने बैंक अफसरों या कर्मचारियों की इसमें संलिप्तता की बात कही थी। ऐसे में बैंक की कार्यशैली पर प्रशभनचिह्न भी उठे। माना जा रहा है कि यहां की एक बैंक में भी आरबीआई टीम जल्द दौरा करेगी।
इसके अलावा कालपी के ही एक बैंक अधिकारियों के खिलाफ आरबीआई को क्षेत्रीय लोगाें ने शिकायत भेजी। इसमें कहा गया कि इस बैंक में एक पुलिस कर्मचारी लगातार बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर कालेधन को सफेद करा रहा था। सूत्रों की माने तो इस बैंक में भी जल्द ही आरबीआई टीम छापेमारी कर सकती है।
वर्जन-
आरबीआई के निर्देश पर अफसर बैंकों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान मेन फोकस जनधन खाते ही हैंष जिनमें अवैध ढंग से काले धन को सफेद बनाने के लिए रुपये जमा कराने का शक है। जिले में करीब 2.48 लाख जनधन खाते हैं। जो विभिन्न बैंकों में खुले हैं। अब इन खातों की जांच के लिए बैंक अधिकारी एक-एक कर अलग-अलग बैंकों की जांच करेंगे।
- पुलक कुमार राय, लीड बैंक मैनेजर, जालौन।