बिना वर्दी चौराहे पर भीड़ के बीच खड़े एक सिपाही को गुरुवार देर शाम कोतवाल ने पीट दिया। घटना के बाद सिपाही ने उच्च अधिकारियों के यहां इसकी शिकायत की है। वहीं इस मामले में कोतवाल का कहना है कि चूंकि सिपाही सिविल ड्रेस में था इसलिए भीड़ में उसकी पहचान नहीं हो सकी। भीड़ हटाने के दौरान उसे हाथ लग गया होगा।
बीती देर शाम गश्त पर निकले कोतवाल देवेंद्र कुमार द्विवेदी रुटीन गश्त पर निकले थे। जैसे ही उनकी गाड़ी चंदकुआ चौराहे पर पहुंची। वहां कुछ लोग मजमा लगाए खडे़ थे। कोतवाल ने गाड़ी रोककर उन लोगों को खदेड़ लिया। उसी भीड़ में एक सिपाही भी सिविल ड्रेस में खड़ा था। इसे कोतवाल ने थप्पड़ जड़ दिए। इस घटना के बाद सिपाही ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की है। कोतवाल का कहना है कि चूंकि वह कोतवाली में नए आए हैं और सभी सिपाहियों को पहचानते भी नहीं हैं। इस सिपाही सादे कपड़ों में था, लिहाजा वह उसे नहीं पहचान सके। इसके चलते एकाध थप्पड़ उसे पड़ गया होगा।