एट/उरई। गिरथान के पास शनिवार को मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की मैजिक खड़े कंटेनर में सामने से टकरा गई। मैजिक में सवार 15 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों का मेडिकल कॉलेज लाया गया। इसमें पांच घायलों को झांसी रेफर कर दिया। हादसे के बाद एक घंटे के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
झांसी के मोंठ थाना क्षेत्र के अमरा अंबरगढ़ निवासी 15 लोग बस से राजस्थान के बालाजी खाटू श्याम के दर्शन करने तीन दिन पहले गए थे। शनिवार की सुबह बस से सभी श्रद्धालु उरई आ गए। इसके बाद उन्होंने गांव जाने के लिए एक मैजिक किराये पर कर ली। इसमें सवार होकर वह जा रहे थे। एट थाना क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाईवे स्थित गिरथान के पास मैजिक सड़क किनारे खड़े कंटेनर में भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी, कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए। मैजिक में सवार प्रियांशु (11), राजकुमार (55), विमला (80), पत्नी गोविंद दास, अर्चना (45), पत्नी राजकुमार, दिनेश (50), राघव प्रजापति (10), सुमन देवी (45), उदल (35), किशोरी (70), पार्वती (45), पूजा चौरसिया (12), कशिश (17), श्री (15), पुत्री राजकुमार, मन्नू (45), कुमरिया निवासी अनिल कुमार (24) घायल हो गए।
हादसे से मैजिक सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने सभी को मैजिक से निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पार्वती, अनिल कुमार, प्रियांशु, राजकुमार और विमला की गंभीर हालत होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि यदि कंटेनर के पास चेतावनी संकेतक या रिफ्लेक्टर होता तो हादसे से बचा जा सकता था। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचा दिया गया था। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।