उरई/जालौन। जनपद में बच्चों और माताओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के उद्देश्य से विटामिन-ए संपूरण अभियान तथा बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ किया गया। जिला महिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में डीएम राजेश कुमार पांडेय एवं सीडीओ केके सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया तथा 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई।
डीएम ने कहा कि विटामिन-ए की कमी से रतौंधी, अंधापन, कुपोषण जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अभियान के तहत आगामी एक माह तक बच्चों को विटामिन-ए एवं आयरन सिरप की खुराक दी जाएगी। इससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को बल मिलेगा।
सीएमओ डॉ. एचएन प्रसाद ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में जनपद के 1,98,418 बच्चों को लक्षित किया गया है। 9 से 12 माह के बच्चों को 1 एमएल तथा 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 2 एमएल विटामिन-ए की खुराक के साथ आयरन सिरप दिया जाएगा। यह खुराक सभी सीएचसी, पीएचसी, उपकेंद्रों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी। कार्यक्रम में सीएमएस डॉ. एसके पाल, एसीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. संजीव प्रभाकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद अवस्थी, एआरओ अंकिता त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, जालौन के सीएचसी में बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, भाजपा नगर अध्यक्ष अभिनय राजावत एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल भी वितरित किए गए। डॉ. सहन बिहारी गुप्ता ने कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्ष उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। कार्यक्रम में अभिनय सिंह राजावत, यश पटेल, गौरव मिश्रा, आशा प्रजापति आदि रहे।
सीएमओ ने किया सीएनसीयू का निरीक्षण
उरई। सीएमओ डॉ. एचएन प्रसाद ने जिला महिला अस्पताल स्थित एसएनसीयू का निरीक्षण किया। उन्होंने नवजात बच्चों की देखरेख के बारे में स्टाफ से जानकारी ली और मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। (संवाद)