उरई। मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित लैब टेक्नीशियन के आवास से चोर लाखों के जेवर-नकदी ले गए। टेक्नीशियन मां को लेकर लखनऊ अस्पताल गए थे। बुधवार को लौटे तो बिखरा सामान व जेवर, नकदी गायब देख उनके होश उड़ गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
मेडिकल कॉलेज में तैनात लैब टेक्नीशियन रविंद्र पटेल परिसर में ही स्थित आवास में रहते हैं। वह मां रामदुलैया को दिखाने लखनऊ गए थे। मंगलवार की रात उनके आवास में घुसे चोरों ने लाखों रुपये की जेवर नकदी पार कर दी। बुधवार की सुबह जब वह वहां पहुंचे तो बिखरा सामान व गायब जेवर-नकदी देख उनके होश उड़ गए।
उन्होंने बताया कि मुख्य गेट पर चौकी व सुरक्षा में कई गार्डों के होने के बाद भी बेखौफ चोर चोरी कर ले गए हैं। किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी है। चोर कितना सामान ले गए हैं वह अभी तक इसका आकलन नहीं कर पाए हैं। कोतवाल अरुण राय ने बताया कि सूचना मिली है। जांच की जा रही है।