उरई स्टेशन पर यात्रियों की भीड़।
- फोटो : संवाद
उरई। झांसी से प्रयागराज जाने वाली कुंभ स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से डेढ़ घंटे देरी से आई। इस ट्रेन से यात्रा करने वाली यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
बता दें कि झांसी से प्रयागराज जाने वाली कुंभ स्पेशल शुक्रवार को अपने निर्धारित समय एक बजकर 50 मिनट के स्थान पर डेढ़ घंटा देरी से साढ़े तीन बजे आई। आगामी पर्व को लेकर यात्री कुंभ में स्नान करने के लिए परिवार सहित जा रहे हैं। कुंभ स्पेशल से जाने वाली यात्रियों की संख्या लगभग एक हजार रही। जिसके लिए रेल प्रशासन ने ट्रेन को अतिरिक्त रोककर चलाया। सभी यात्री ट्रेन में सवार हो गए।
हालांकि भीड़ अधिक होने की वजह से सैकड़ों यात्रियों को सीट नहीं मिल पाई। बड़ागांव निवासी जयसिंह ने बताया कि ट्रेन में भीड़ होने के चलते वह गैलरी में बैठकर ही यात्रा करेंगे। वहीं, अपने परिवार के साथ कुंभ में स्नान करने जा रहे अमित कुमार ने बताया कि स्पेशल ट्रेन में भीड़ होने के बावजूद भी किसी प्रकार से बच्चों को सीट पर बैठाया। स्टेशन अधीक्षक एसके खरे का कहना है कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंडल प्रशासन ने ट्रेन को अतिरिक्त रोककर चलाने के लिए कहा है।