माधौगढ़(जालौन)। सरकारी राशन को बाजार में बेचने ले जा रहे ट्रक को देर रात रेंढऱ पुलिस ने रूरा गांव के पास पकड़ लिया। पुलिस को देख चालक मौके से फरार हो गया। रेंढऱ पुलिस की सूचना पर एसडीएम सालिकराम ने पूर्ति अधिकारी कमल सिंह को मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए हैं।
सरकारी राशन के चावल की 150 बोरी (75क्विंटल) ट्रक से जालौन बेचने के लिए ले जाई जा रही थीं। मुखबिर की सूचना पर रेंढऱ प्रभारी घनश्याम सिंह ने रूरा के पास ट्रक को रोक कर जांच की। इस बीच चालक भाग खड़ा हुआ। पुलिस ट्रक को रेंढऱ ले गई। पुलिस ने एसडीएम को सूचना दी। एसडीएम ने पूर्ति अधिकारी कमल सिंह को मौके पर भेजकर जांच करने के निर्देश दिए। पूर्ति अधिकारी कमल सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा।