कदौरा। बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर बुधवार को क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों ने तूल पकड़ लिया है। बबीना विद्युत केंद्र में एक लाइनमैन ने जेई पर अभद्रता का आरोप लगाया है। वहीं, परौसा विद्युत उपकेंद्र पर बिजली कटौती और ढाई फेज आपूर्ति से नाराज किसानों ने प्रदर्शन कर घेराव किया।
बबीना विद्युत केंद्र में तैनात लाइनमैन ब्रजेश कुमार ने विभागीय अधिकृत ग्रुप में लिखित शिकायत देकर जेई मिठाई लाल पर गाली-गलौज और अपमानित करने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक 23 फरवरी को उन्होंने दिन की ड्यूटी पूरी की थी। रात में अकोढ़ी क्षेत्र के पास 33 केवी लाइन का तार टूट गया। इसकी सूचना नेटवर्क समस्या के कारण उन्हें नहीं मिल सकी। सुबह जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंचे और लाइन को जुड़वाया।
आरोप है कि इसके बाद कार्यालय पहुंचने पर जेई ने अन्य कर्मचारियों के सामने अपशब्द कहे और नौकरी से निकालने की धमकी दी। लाइनमैन का कहना है कि यदि रात में सूचना न मिलने पर आपत्ति थी तो लिखित स्पष्टीकरण लिया जा सकता था, लेकिन सार्वजनिक रूप से अपमान करना अनुचित है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है, हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करता है। उधर, परौसा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 25 गांवों में बीते 15 दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित है। विभागीय कर्मचारियों के अनुसार अतिरिक्त लोड के चलते मशीनों पर दबाव बढ़ गया है, जिससे उन्हें नुकसान का खतरा बना रहता है। इसी कारण एक दिन ढाई फेज और एक दिन तीन फेज आपूर्ति की जा रही है। नजीरपुर, बागी, रोगी, सजेहरा, खुटमिली, उदनपुर, कुसमरा और जैसकपुर समेत कई गांवों के किसानों का आरोप है कि दो दिन में महज 12 घंटे तीन फेज बिजली मिल रही है, वह भी बार-बार शटडाउन और रोस्टिंग से बाधित रहती है। किसानों का कहना है कि पर्याप्त बिजली न मिलने से गेहूं और प्याज की फसल सूखने की कगार पर है।
लाइनमैन का घेराव, पावर हाउस पर प्रदर्शन
बताया गया कि प्रतिदिन की तरह जब एक लाइनमैन ढाई फेज करने के लिए जंपर पर चढ़ा तो बागी, नजीरपुर और उदनपुर के किसानों ने उसे घेर लिया। ग्रामीणों ने तीनों फेज जोड़ने की मांग की और काफी देर तक नीचे नहीं उतरने दिया। प्रदर्शन में शिवेंद्र सिंह, शशिकांत निराला, कृष्ण कुमार, पवन, मंगल सिंह, राजेश, राकेश, लालू, गंगाराम, उदयवीर, राजबहादुर प्रधान, सत्यनारायण, आशीष, मेहरबान प्रधान, महेंद्र प्रधान, बबलू आदि रहे।
लो वोल्टेज की समस्या है, कटौती नहीं की जा रही है। इसको सही करवाया जा रहा है। साथ ही जेई की ओर से कोई अभद्रता नहीं की जा रही है। वह तेज आवाज में बात जरूर कर रहे हैं।
- धर्मेंद्र सिंह, एडीओ, बिजली विभाग