उरई। 27वीं अंतर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ डीआईजी ने कराया। जालौन ने कन्नौज की टीम को छह गोल से हरा दिया।
कालपी रोड स्थित इंदिरा स्टेडियम में डीआईजी झांसी कलानिधि नैथानी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। कहा कि मानव जीवन में खेलकूद का महत्वपूर्ण स्थान है। खेलकूद से न केवल अनुशासन बनाने में सहायता मिलती है, बल्कि पुलिसकर्मियों को मानसिक तनाव से भी राहत मिलती है।
प्रतियोगिता में बुधवार को पहला मैच झांसी व औरैया के बीच खेला गया, जिसमें झांसी ने एक व औरैया ने एक गोल किया। पैनाल्टी शूट आउट में झांसी ने दो व औरैया ने एक गोल किया। जिसमें झांसी विजयी रही। इसके बाद प्रथम मैच (महिला) झांसी व कानपुर देहात के बीच खेला गया। पैनाल्टी शूटआउट मुकाबले में झांसी ने तीन व कानपुर देहात ने दो गोल किए, जिसमें झांसी विजयी रहा। कानपुर देहात व इटावा के बीच हुए मैच में कानपुर देहात ने दो व इटावा ने तीन गोल कर कानपुर देहात को हराया।
ललितपुर व फतेहगढ़ के बीच खेले गए मैच में फतेहगढ़ ने दो से विजयी रहा। इसके बाद जालौन व कन्नौज के बीच हुए मैच में जालौन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह गोल से मुकाबला जीत लिया। इस दौरान एसपी डॉ दुर्गेश कुमार, सीओ कालपी, देवेंद्र पचौरी सहित आलाधिकारी मौजूद रहे।