उरई। संस्कृत की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जिला, मंडल एवं राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में संस्कृत बोर्ड, यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड व अन्य किसी भी विषय के कक्षा छह से स्नातकोत्तर कक्षा तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। उन्हें 15 हजार रुपये तक जीतने का अवसर मिलेगा। जिसके लिए ऑनलाइन http://upsanskritpratibhakhoj.com वेबसाइट पर 10 अगस्त तक कर सकेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 16 से 30 अगस्त तक होंगी। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता 15 से 30 सितंबर और राज्य स्तर पर 16 व 17 अक्तूबर को लखनऊ में कराई जाएगी।
जनपद संयोजक डॉ. सर्वेश कुमार शांडिल्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ की ओर से संस्कृत में रुचि रखने वाले किसी भी बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए हर साल जनपद, मंडल एवं राज्य स्तर पर संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। जिले में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमशः 1000, 800, 700 रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रमाणपत्र दिया जाएगा। मंडल में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 3000, 2000, 1000 की पुरस्कार राशि एवं राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 11000, 7000 एवं 5000 की पुरस्कार राशि एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
डीआईओएस राजकुमार पंडित ने सभी राजकीय, अशासकीय और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित करते हुए पत्र निर्गत किया है जिससे अधिक संख्या में विद्यार्थियों को प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त हो सके।
ये होंगे पात्र
जिला स्तर की प्रतियोगिता केवल कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच संस्कृत गीत प्रतियोगिता (बाल वर्ग), संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं संस्कृत वाचन प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। संस्कृत वाचन प्रतियोगिता में संस्कृत बोर्ड को छोड़कर यूपी, सीबीएससी जैसे अन्य सभी बोर्ड के विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे।
यह देनी होगी परीक्षा
जिला स्तरीय प्रतियोगिता अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में आदर्श संस्कृत महाविद्यालय उरई में कराई जाएगी। एक विद्यालय से अधिकतम चार प्रतिभागी एक प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। मंडल स्तर पर तीन प्रतियोगिताओं के साथ ही स्नातक व स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं के लिए संस्कृत गीत प्रतियोगिता (युवा वर्ग) तथा श्लोक अंत्याक्षरी प्रतियोगिता कक्षा 06 से 12 के विद्यार्थियों के बीच कराई जाएगी। राज्य स्तर पर भी इन सभी पांच प्रतियोगिताओं के साथ ही सीधे अष्टाध्यायी, लघुसिद्धांत कौमुदी, अमरकोश और तर्क संग्रह नामक ग्रंथों की कंठस्थ पाठ प्रतियोगिता होगी। इसके साथ ही श्रुत लेखन प्रतियोगिता और संस्कृत भाषण प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।