चुर्खी थाने में निरीक्षण के दौरान महिला सिपाही से जानकारी लेते एसपी रवि कुमार
- फोटो : ORAI
उरई। एसपी रवि कुमार ने शुक्रवार को थानों का औचक निरीक्षण किया। चुर्खी और सिरसाकलार थानों में पहुंचे और वहां की व्यवस्थाएं देखीं। थानों में रखे अभिलेख जांचे और मालखाने का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क की सिपाहियों से भी रोजाना आने वाली शिकायतों व उनके निस्तारण के संदर्भ में जानकारी की।
एसपी सबसे पहले सिरसाकलार थाने पहुंचे, जहां पर उन्होंने मालखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में रखे रजिस्टर भी चेक किए। इसके बाद सभी दरोगाओं के साथ बैठक निरंतर गश्त करने और चौकी इंचार्जों को लंबित विवेचनाएं निपटाने के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी का काफिला चुर्खी थाने पहुंचा। यहां पर उन्होंने महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों का रजिस्टर चेक किया और महिला सिपाही से कुछ मामलों में हुई कार्रवाई के बारे में भी जानकारी की।
एसपी ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रात के वक्त टीम को गश्त पर लगाएं और स्वयं भी इसकी मॉनीटरिंग करें। क्षेत्र के अपराधियों को सूची बनाकर उनकी निगरानी की जाए और वांछितों की धरपकड़ में भी तेजी लाई जाए। बताया कि थानों में जमा कबाड़ हो रहे वाहनों का भी जल्द निस्तारण कराया जाएगा।