जालौन। गुरुवार की रात छत पर सो रहा युवक अचानक छत से नीचे गिर गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काशीनाथ निवासी रामजी सोनी उर्फ बंटी (40) पुत्र भगवानदास सोनी गुरुवार की रात घर की छत पर सो रहे थे। उनकी पत्नी रजनी एवं पुत्र राहुल व रोहित मकान में अंदर नीचे सो रहे थे। मध्य रात्रि के करीब वह लघुशंका के लिए उठे और अचानक उनका पैर फिसलने पर वह सीधा सड़क पर आ गिरे। सड़क पर गिरने की आवाज सुनकर उनके पुत्र राहुल व रोहित के साथ आसपास के लोग भी वहां आ गए। आनन फानन में घायल को सीएचसी लाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार के मुखिया की मौत के बाद घर में मातम पसर गया।