उरई। कोतवाली क्षेत्र में पुरानी खुन्नस में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें एक महिला स्वास्थ्य कर्मी समेत सात लोग घायल हुए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर निवासी अभय कांत बाजपेई पुत्र रमाकांत पर गुरुवार की रात शापिंग माल के पास हमला हुआ था। अभय का आरोप है कि मोहल्ले के ही आनंद और उसके साथियों ने तमंचे की बट मारकर उनकी चेन और नगदी लूट ली थी। इसी मामले में शुक्रवार की सुबह आनंद के दो साथी गजेंद्र व गणेश स्कूटी से अभय कांत के दरवाजे पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। जिसका अभय की स्वास्थ्य कर्मी बहन अम्रता बाजपेई ने विरोध किया तो उक्त लोगों ने उसे पकड़कर सड़क पर घसीट लिया। जिससे अमृता के दोनों पैर घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर नजदीक ही रहने वाले अम्रता के मामा प्रेमकुमार पाठक व मोहल्ले के कुछ लोग अवध सैनी व विनोद सैनी और अम्रता का भाई अभयकान्त भी मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। गणेश का साथी कुलदीप भी वहां गया। मारपीट में दोनों पक्षों से करीब सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां गजेंद्र की हालत नाजुक देख उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। अम्रता बाजपेई का कहना है कि पहले भी ये हमलावर भाई के साथ मारपीट कर चुके हैं। शुक्रवार को भी हमलावरों ने उसका मोबाइल तोड़ दिया। पूरी घटना सीसी टीवी में भी है। कोतवाली इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा का कहना है कि फिलहाल अम्रता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।