संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में दो साल पुराने टेंडरों पर काम शुरू न करने और काम अधूरा छोड़ने वाले लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ सभासदों ने हंगामा कर दिया। पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा ने भरोसा दिया कि ऐसे ठेकेदारों को अल्टीमेटम दिया जाएगा। काम शुरू न करने पर उनकी जमानत राशि जब्त करने की कार्रवाई होगी।
गुरुवार नगर पालिका बोर्ड की बैठक पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा की अध्यक्षता में हुई। इसमें अगस्त और सितंबर माह की आय व्यय पर चर्चा की गई। इसमें बताया गया कि पालिका के पास 53.88 करोड़ की धनराशि थी। जिसमें 2.31 करोड़ की आय हुई। जबकि 5.10 करोड़ रुपये खर्च किया गया। इस समय पालिका के पास 51.09 करोड़ रुपये अवशेष है। सभासद जयशंकर द्विवेदी ने खुली पड़ी नालियों पर जाली लगवाने, सड़क बनवाने से पहले पाइप लाइन की व्यवस्था करने, स्टेशन रोड के पास कुंआ और हैंडपंप की मरम्मत की मांग उठाई। इसे पालिकाध्यक्ष ने जल्द कराने का आश्वासन दिया।
सभासद मुकेश ने कोटरा रोड पर शहीद धर्मपाल सिंह के नाम से द्वार बनवाने और सड़क के चौड़ीकरण की मांग उठाई। नामित सभासद लक्ष्णमदास बाबानी, अरुण गुप्ता आदि ने उनके नाम के बोर्ड लगवाने की मांग की। सुखदेव पाल, मंती देवी, राजू मछली, विपिन गुप्ता, अमित गुप्ता, संतोष, उग्रसेन आदि ने कहा कि टेंडर होने के बावजूद कई काम सालों से अधूरे पड़े है। जो ठेकेदार काम नहीं करना चाहते है, उनके टेंडर निरस्त कर नए सिरे से काम कराया जाए। इस पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे ठेकेदारों को अंतिम मौका दिया जाएगा। यदि वह काम शुरू नहीं करते है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड की बैठक में सुरेंद्र सोनी, भगवती आदि मौजूद रहे। संचालन अशोक कुमार शर्मा ने किया। 39 सभासदों सदस्यीय बोर्ड बैठक से करीब दस सभासद गैरहाजिर रहे।
मंडी स्थान परिवर्तन के लिए प्रस्ताव
बोर्ड की बैठक में मोहल्ला गोपालगंज की सब्जी मंडी के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा उठा। इस पर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि सब्जी मंडी को राठ रोड स्थित वेयर हाउस वाली गली से गल्लामंडी के पास स्थानांतरित किया जा रहा है। प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। अनुमति मिलने पर सब्जी मंडी स्थानांतरित कर दी जाएगी।
बालू ट्रालियों को हटाने की मांग
राठ रोड, कुइया रोड और झांसी रोड पर सड़क के किनारे खड़ी होने वाली अवैध बालू भरी ट्रालियों पर भी चर्चा हुई। तय हुआ कि स्थानीय प्रशासन के सहयोग से अवैध रुप से लगने वाली बालू ट्रालियों को हटाया जाएगा। यही नहीं राठ रोड से भी अतिक्रमण हटाया जाए ताकि सड़क और चौड़ी हो सके।