उरई। झांसी के मुख्य अभियंता ने ऊर्जा भवन में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने बिजली बिलिंग, राजस्व वसूली और अधूरे पड़े विकास कार्यों की समीक्षा की। कहा कि मीटर रीडिंग में गड़बड़ी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि उपभोक्ताओं को गलत बिल मिला या मीटर रीडिंग में गड़बड़ी पाई जाती है, तो जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य अभियंता मुहम्मद सगीर ने रविवार को बैठक में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर बिलिंग नहीं हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को एक साथ बिल भरना पड़ रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि हर महीने नियमित रूप से बिलिंग सुनिश्चित की जाए और यदि किसी क्षेत्र में बिलिंग नहीं होती है, तो वहां के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली घरों की समय पर मेंटेनेंस पूरी कर ली जाए ताकि उपभोक्ताओं को गर्मी में किसी तरह की दिक्कत न हो।
उन्होंने निर्देश दिया कि जहां ट्रांसफार्मर अधिक लोड में हैं, वहां पहले से ही अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति को सुचारू बनाया जाए। साथ ही नई बस्तियों के लिए अलग से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जाए।आरडीएसएस योजना के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना के तहत हो रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी गड़बड़ी मिले, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी भी काम में लापरवाही या भ्रष्टाचार पाया गया तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहा कि अगर किसी भी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को लेकर लापरवाही की शिकायत मिलती है तो तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि सभी मेंटेनेंस कार्य समय पर पूरे किए जाएं और ट्रांसफार्मरों की क्षमता को गर्मी से पहले बढ़ा लिया जाए। बैठक में अधीक्षण अभियंता नंदलाल, अधिशासी अभियंता प्रथम जितेंद्र नाथ, द्वितीय महेंद्र नाथ, मीटर अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र रंजन, एसडीओ ऋषभ राजपूत और जेई गौरव कुमार मौजूद रहे।