कोटरा। थाना पुलिस ने आईपीएल मैच पर सट्टा खिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और 37,470 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कस्बे के बाईपास स्थित एक मकान के कमरे में आईपीएल मैच पर सट्टा खिलाया जा रहा है। इस पर गुरुवार को पुलिस ने छापा मारकर मौके से अंशु अग्रवाल, जमील, खालिद मिर्जा, चंद्रशेखर नामदेव और यश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं धीरू उर्फ धमेंद्र सिंह मौके से भाग गया।
थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मोबाइल एप के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। वे ग्राहकों की आईडी बनाकर उसमें रुपये जमा कराते थे। हारने पर रकम जब्त कर ली जाती थी, जबकि जीतने वाले को ऑनलाइन भुगतान किया जाता था।
पुलिस जांच में आरोपियों के मोबाइल से चार मास्टर आईडी और छह क्लाइंट आईडी भी मिली हैं, जिनके माध्यम से सट्टा संचालन किया जा रहा था। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
ऑनलाइन सट्टे का बढ़ता जाल
पुलिस का कहना है कि आईपीएल के दौरान इस तरह के ऑनलाइन सट्टे के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सख्त कार्रवाई की जा रही है।