उरई। माधौगढ़ के डिकौली गांव में स्थिति गोशाला मामले में जांच करने पहुंचे गोसेवा आयोग के सदस्य ने कृष्ण कुमार उर्फ भोले ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ कार्रवाई के लिए शासन को लिखा है। आयोग के सदस्य ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है।
बता दें कि दो जून को गोशाला में गोवंश की मौत के मामले में ग्रामीण व गोशाला के संचालक आमने सामने आ गए थे। जहां गोशाला प्रभारी ने गांव के ही कई लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। ग्रामीणों की ओर से भी गंभीर आरोप लगाए गए थे।
मंगलवार को गोसेवा आयोग के सदस्य डिकौली स्थित अस्थाई गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की। मंगलवार की देर रात तक कार्रवाई की चर्चाएं सोशल मीडिया पर रही। बुधवार को उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले में कई अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध लग रही है। इसकी वह उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।
साथ ही एसडीएम के स्थानांतरण व पंचायत ईओ पर कार्रवाई व मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग शासन से करेंगे। उन्होंने बताया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी और न ही किसी भी दोषी को बख्शा जाएगा।