उरई। इंटर के छात्र ने तमंचे से खुद को सीने में गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने रक्तरंजित शव पड़ा देख खेत गए पिता को सूचना दी। सीओ थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और साक्ष्य एकत्रित किए। पिता छात्र के आत्महत्या कर लेने की वजह नहीं बता पा रहे हैं।
रेंढ़र थाना क्षेत्र के लहूदी लगामपुरा गांव निवासी मुन्नालाल पाल के पुत्र रंजीत पाल (18) ने सोमवार दोपहर घर में तमंचे से सीने में खुद को गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी उसके घर पहुंचे तो देखा कि वह लहूलुहान हालत में पड़ा है। इस पर उन्होंने खेत पर काम करने गए पिता मुन्नालाल को जानकारी दी। वह घर पहुंचे और सूचना थाना पुलिस को दी।
सूचना पाकर सीओ रामसिंह थानाध्यक्ष नीलम सिंह के साथ गांव पहुंचे और मौके पर जांच पड़ताल की। शव के पास ही तमंचा पड़ा मिला। पिता ने बताया कि वह गांव में रहकर खेती किसानी करते है। जबकि पुत्र रंजीत मध्यप्रदेश के लहार में किराये पर रहकर इंटर की पढ़ाई कर रहा था। वह रविवार को ही गांव आया था। सुबह सोने के बाद वह छत पर चला गया था। वह उसे छत पर बैठा छोड़कर खेत पर चले गए थे।
बताया कि उनके दो बेटे हैं, छोटा बेटा छोटू भी अभी पढ़ाई कर रहा है। उसकी पत्नी का निधन हो चुका है। वह अकेला घर पर रहते हैं। पिता बेटे की मौत की कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं। सीओ राम सिंह ने बताया कि मौत के हर बिंदु पर जांच की जा रही है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तमंचा भी बरामद कर लिया है।