चरखारी (महोबा)। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चरखारी में शनिवार को मंडल स्तरीय अनुदेशक डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन हुआ। इस दौरान अनुदेशकों को आधुनिक कार्य प्रणालियों, नेतृत्व कौशल और तकनीकी दक्षता से सशक्त करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में विभिन्न आईटीआई के अलग-अलग ट्रेडों के अनुदेशक शामिल हुए। इस दौरान अनुदेशकों को विभिन्न विषयों की शिक्षण पद्धतियों, प्रशिक्षण प्रबंधन, अप्रेंटिसशिप, प्लेसमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आदि बारीकियां सिखाई गईं। ताकि वह पढ़ाई के दौरान छात्रों को बेहतर तरीके से शिक्षित कर सकें। समापन पर मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक चित्रकूटधाम मंडल बांदा राधेश्याम यादव ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुदेशकों को अधिक प्रभावी व आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से लैस करेगा। प्रशिक्षण में आईटीआई के नोडल प्राचार्य अभिषेक मिश्रा, प्रधानाचार्य रविकांत त्रिपाठी, विवेक सोनी, ब्रजेश कुमार, शैलेंद्र सैनी, कमलेश प्रसाद वर्मा आदि रहे।