कोंच। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बुधवार देर शाम कोंच कोतवाली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली प्रभारी को चौकीदारों की नई सूची तैयार कर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों का नियमित फीडबैक लेकर पीड़ितों को समय से न्याय दिलाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कोतवाली कार्यालय, मैस, साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और संबंधित पटल पर तैनात पुलिस कर्मियों से आवश्यक जानकारी ली। अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और फरार अभियुक्तों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश बहादुर सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर अरुण कुमार, एसएसआई विमलेश कुमार, चौकी प्रभारी सुमित पांडेय आदि मौजूद रहे।