उरई। उरई विकास प्राधिकरण (ओडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाते हुए कालपी रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर भवन और मेडिकल कॉलेज के पास बन रहे एक निर्माण को सील कर दिया।
ओडीए सचिव परमानंद यादव के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने कालपी रोड पर एचडीएफसी बैंक के सामने विनोद कुमार एवं दिलीप सोनी द्वारा संचालित इंटेलीजेंट भारत कोचिंग सेंटर के भवन की जांच की। जांच में निर्माण संबंधी आवश्यक स्वीकृतियां और मानकों का पालन न मिलने पर भवन को उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 28(ए) के तहत सील कर दिया गया।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के पास शबाब हुसैन द्वारा कराए जा रहे निर्माण को भी सील कर दिया गया। प्राधिकरण के अनुसार निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों और पार्किंग व्यवस्था का अभाव पाया गया। दोनों मामलों में पूर्व में धारा-27 के अंतर्गत नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्माणकर्ताओं द्वारा कोई शमन मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया।
प्राधिकरण की टीम ने दोनों भवनों को सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित मानकों के निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
एसडीएम की टीम ने खंगाले होटल, अस्पताल और कोचिंग सेंटर, कई जगह मिलीं खामियां
फायर सेफ्टी और भवन सुरक्षा मानकों की जांच शुरू, कमियां दूर न होने पर होगी कार्रवाई
कालपी। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद प्रशासन ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी है। एसडीएम अमित शेखर के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने बुधवार को होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल और कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की पड़ताल की।
टीम ने टरननगंज स्थित रुद्राक्ष रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया, जहां फायर सेफ्टी सिस्टम और भवन सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इसके बाद जोल्हूपुर स्थित होटल स्काई मून की जांच की गई, जहां अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) उपलब्ध नहीं मिली।
निरीक्षण के दौरान किलकारी हॉस्पिटल और आईसीएल कंप्यूटर कोचिंग सेंटर की भी जांच की गई। अधिकारियों को यहां भी विभिन्न स्तरों पर कमियां मिलीं, जिनका विवरण तैयार किया गया है।
एसडीएम अमित शेखर ने बताया कि जिन संस्थानों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गई हैं, उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। निर्धारित समय सीमा के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त न करने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीओ राजेश कमल, तहसीलदार अभिनव तिवारी, अग्निशमन विभाग, जिला पंचायत, नगर पालिका और बिजली निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
वर्जन
बेसमेंट में संचालित कोचिंग व अन्य संस्थानों की जांच की जा रही है। जांच में कमियां मिलने पर कार्रवाई की जा रही है। - परमानंद यादव, सचिव ओडीए।