उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बने अवैध कटों पर कड़ी नाराजगी जताई। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी अवैध कटों को तत्काल प्रभाव से स्थायी रूप से बंद कराया जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाएं कम हों।
एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल सभी अवैध कट अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं और गड्ढामुक्त अभियान जारी है। इस पर डीएम ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर मार्ग को पूरी तरह गड्ढामुक्त किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर नेहा ब्याडवाल तथा एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।