कोंच। नगरपालिका में तैनाती के दौरान कार्यों में अनियमितता को लेकर ईओ पवन किशोर के विरुद्ध प्रदेश शासन के अनुसचिव रवींद्र सिंह ने कार्रवाई की संस्तुति की है। उन्होंने निदेशक नगरीय निकाय निदेशालय लखनऊ नगर विकास अनुभाग-4 को पत्र भेज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई पूर्व सभासद अनिल पटेरिया द्वारा की गई शिकायत पर जांच के बाद की गई है।
पूर्व सभासद अनिल पटेरिया ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव संजय प्रसाद को नगर पालिका कोंच के तत्कालीन ईओ पवन किशोर मौर्य जो वर्तमान में ईओ एरच एवं गुरसरांय में कार्यरत हैं, के कोंच पालिका क्षेत्र में नियम विरुद्ध किए गए कार्यों को लेकर शपथपत्र दाखिल करते हुए शिकायत की थी। शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेकर उच्च अधिकारियों द्वारा जांच कमेटी बनाकर जांच की। जांच कमेटी द्वारा स्थलीय निरीक्षण में कुछ बिंदुओं पर अनियमितताएं पाई गई। इस पर ईओ पवन किशोर के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए अनुसचिव रवींद्र सिंह ने निदेशक नगरीय निकाय निदेशालय को पत्रभेज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।