जालौन। ठंड को देखते हुए नगर पालिका ने नगर में 21 स्थानों पर अलाव लगवाए गए हैं। बुधवार की रात पालिकाध्यक्ष व ईओ ने अलावों का निरीक्षण कर अलाव में पर्याप्त मात्रा में लकड़ी डालने के निर्देश दिए।
पिछले लगभग एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड के चलते जन जीवन अस्तव्यस्त है। बुधवार तक लगभग पूरे दिन कोहरा एवं सर्द हवाएं चलने से जहां बाजार में लोग निकलने से बच रहे थे। वहीं, बच्चे बूढ़े भी घरों में ही कैद थे। आम लोगों को ठंड से बचाने के लिए नगर के प्रमुख चौराहों के अलावा तकिया मैदान एवं कुछ वार्डों में भी अलाव लगवाए गए हैं। बुधवार की रात पालिकाध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता एवं ईओ डीडी सिंह ने नगर में लगवाए जा रहे अलावों को देखा।
कुछ स्थानों पर अलाव में पर्याप्त लकड़ी न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और पर्याप्त लकड़ी लगवाने के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने नगर पालिका परिसर में चल रहे रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया। वहां दो लोग सोते हुए मिले। उनके लिए गद्दा, कंबल व हैंडसैनिटाइर की भी व्यवस्था मिली। इस पर उन्होंने संतुष्टि व्यक्त की।