उरई। सीएम के निर्देश पर हेलमेट, शीट बेल्ट, प्रेशर हार्ड आदि की जांच के लिए पुलिस के चेकिंग अभियान का असर दूसरे दिन ही दिखने लगा। शहर के पेट्रोल पंप पर ज्यादातर बाइक चालक हेलमेट लगाकर पेट्रोल लेने पहुंचे। जिले भर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने पर 154 चालान करने के साथ कागजात न होने पर 17 वाहन सीज किए। 10 हजार से अधिक जुर्माना भी वसूला गया। जल्द ही पेट्रोल पंप पर जागरूकता के पोस्टर के साथ चेकिंग के लिए पुलिस भी लगा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद हेलमेट, शीट बेल्ट आदि की चेकिंग के लिए जिले की पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को शहर और नगरों के मुख्य चौराहों पर पुलिस चेकिंग हुई। शहर में घंटाघर, अजनारी रोड़, करमेर रोड, स्टेशन रोड व कालपी रोड चेकिंग की गई। बिना हेलमेट लगाए पुरुषों व युवकों के चालान काट दिए गए लेकिन महिलाओं व युवतियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। पाठकपुरा, जिला परिषद, जालौन रोड़, झांसी रोड़, कालपी रोड़, कोच रोड़, आटा हाईवे पर भी चेकिंग की गई। हेलमेट के साथ चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट न लगाने पर भी चालान किए गए। थानेदारों व सीओ ने चार पहिया चालकों को बताया कि सीट बेल्ट सुरक्षा के लिए है इसका इस्तेमाल जरूर करें। चेकिंग के दौरान पुलिस और वाहन चालकों में कई जगह नोकझोंक भी हुई। सीओ सिटी संतोष कुमार ने बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी के निर्देश और पुलिस की सख्ती के चलते दुपहिया वाहन चालक हेलमेट लगाकर कालपी रोड़ व राठ रोड स्थित पेट्रोल पंपो पर पेट्रोल लेने पहुंचे। एएसपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर पंपों पर जागरूकता के पोस्टर आदि लगाए जाएंगे। इसके अलावा दो-तीन दिन बाद पेट्रोल पंपों पर चेकिंग के लिए पुलिस लगा दी जाएगी। बिना हेलमेट के किसी को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। एएसपी ने बताया कि जिले भर में हेलमेट, शीट बेल्ट न लगाने पर 154 वाहनों के चालान किए गए और कागजात न होने पर 17 वाहन सीज किए गए। सबसे ज्यादा चालाक पुलिस कोतवाली पुलिस ने किए।
बढ़ने लगी हेलमेट की बिक्री
स्टेशन रोड स्थित हेलमेट विक्रेता आशुतोष ने बताया कि पहले रोज पांच से आठ हेलमेट ही बिकते थे। सीएम के निर्देश और पुलिस की सख्ती के बाद शनिवार को 60-70 हेलमेट बिके। हां चालान से बचने ज्यादातर लोग सस्ते हेलमेट की खरीद रहे हैं। खरीददारों में ज्यादातर सरकारी विभागों में नौकरी करनेवाले हैं।
सामाजिक संगठन करेंगे जागरूक
कुछ सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि वे भी हेलमेट के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। इसमें रैली निकालने, नुक्कड़ नाटक करने और पर्चे आदि बांटने के कार्यक्रम बनाए जा रहे हैं। अभियान में पुलिस और प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा। इसके बाद ही सड़कों पर उतरा जाएगा।